महिला से अभद्रता करने का आरोपी 'भाजपा नेता' श्रीकांत त्यागी गिरफ्तार



नोएडा। नोएडा में महिला के साथ अभद्रता करने के मामले में फरार आरोपी श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने मेरठ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि त्यागी के तीन साथियों को भी पकड़ा गया है। शुक्रवार शाम से फरार हुए त्यागी ने गौतम बुद्ध नगर जिले की एक अदालत में आत्मसमर्पण से संबंधित एक याचिका दायर की थी। इस मामले में 10 अगस्त को सुनवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि एक महिला ने नोएडा के सेक्टर-93बी में आवासीय सोसायटी में नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए श्रीकांत त्यागी द्वारा कुछ पेड़ लगाने पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद त्यागी ने महिला के साथ कथित तौर पर अभ्रद व्यवहार किया और उसे धक्का भी दिया था। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही त्यागी फरार था। श्रीकांत त्यागी खुद को भारतीय जनता पार्टी से संबद्ध बताता है, जबकि पार्टी ने उससे दूरी बनाए रखी है। मामले को लेकर विपक्षी दलों ने भी भाजपा पर निशाना साधा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post