धमतरी। धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रावण ने एक निगम कर्मचारियों की नौकरी को ही खतरे में डाल दिया। रावण के 10 सिर नहीं जलना नगर निगम प्रशासन को इतना नागवार गुजरा की निगम प्रशासन ने निगम के एक कलर्क को निलंबित कर दिया। वहीं चार अन्य कर्मचारियों का कारण बताओ नोटिस जारी कर तुरंत जवाब मांगा है।
मामला ऐसा है कि छत्तीसगढ़ के जिला धमतरी में स्थित रामलीला मैदान में नगर निगम प्रशासन ने 30 फुट ऊंचे पुतले का दहन करने का आयोजन किया था। रावण दहन के दौरान रावण का पुतला तो जल गया, लेकिन रावण का एक भी सिर नहीं जला। इसके बाद निगम ने बेतुका फरमान जारी करते हुए एक बाबू को निलंबित और चार को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया।
- 4 अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया
नगर निगम प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि राजेंद्र यादव, सहायक ग्रेड-3 नगर पालिक निगम धमतरी के द्वारा दशहरा उत्सव वर्ष 2022 हेतु रावण का पुतला तैयार कराने में घोर लापरवाही बरती गई है जिससे निगम की छवि धूमिल हुई है। उपरोक्त कारणों को दृष्टिगत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। वहीं 4 अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
- पूरा शरीर जला, सिर को आंच तक नहीं आई
बताया जा रहा है कि धमतरी के रामलीला मैदान में रावण दहन के कुछ ही देर बाद रावण के पुतले का पूरा शरीर तो जल गया था, लेकिन रावण के एक भी सिर पर आंच तक नहीं आई। कार्यक्रम के बाद जब ये कौतूहल का विषय बना तो सभी 10 सिरों को नीचे उतारकर बाद में अलग से जलाया गया।
- 50 हजार रुपए का पुतला 1 मिनट में स्वाहा, कारीगर को नहीं मिलेगा पैसा
जानकारी के मुताबिक पुतले की कीमत करीब 50 हजार रुपए थी, लेकिन पूरा पुतला सिर्फ 1 मिनट में ही जलकर स्वाहा हो गया। हद तो तब हो गयी, जब उपर रखा 10 सिर में से एक सिर भी नहीं जला। निगम के अफसरों ने कहा कि इस पुतले को बनाने वाले कारीगर का भुगतान नहीं किया जाएगा।
Post a Comment