मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर अभिलेखागार के नवीनीकरण की सराहना की, प्रदेश में विकास का नया मॉडल लागू करने की घोषणा

भोपाल/जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर में नवीनीकृत राजस्व अभिलेखागार का लोकार्पण करते हुए कहा कि भू-अभिलेखों के आधुनिक और व्यवस्थित रख-रखाव की दिशा में की गई यह पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने बताया कि अब राज्य सरकार साइबर तहसील, संपदा-1 और संपदा-2 जैसी योजनाओं के माध्यम से नागरिकों को डिजिटल सेवाएं प्रदान कर रही है, जिससे लाल बस्ते की परंपरा खत्म हो रही है और दस्तावेजों की हार्ड व सॉफ्ट कॉपी दोनों आसानी से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के नवाचार की विशेष सराहना की और जिले को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई दी। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद वी.डी. शर्मा, विधायक अजय विश्नोई, सुशील तिवारी, अशोक रोहाणी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जिला स्तरीय विकास समितियां होंगी गठित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में विकास के एक नए मॉडल की घोषणा करते हुए बताया कि अब हर जिले में विकास समितियां गठित की जाएंगी। इन समितियों में जनप्रतिनिधियों के साथ डॉक्टर, वकील और इंजीनियर जैसे विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री स्वयं समिति के अध्यक्ष और जिला प्रभारी मंत्री उपाध्यक्ष होंगे। इस मॉडल के माध्यम से प्रदेश में समग्र और समावेशी विकास को बढ़ावा मिलेगा।

विश्वविद्यालयों में नए रोजगारपरक पाठ्यक्रम होंगे शुरू

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में अब आधुनिक और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे। उन्होंने युवाओं में बढ़ती बी.एससी. एग्रीकल्चर की रुचि का हवाला देते हुए कहा कि अन्य ऐसे पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएं जो विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा दें।

3 मई को मंदसौर में होगा कृषि उद्योग समागम

डॉ. यादव ने जानकारी दी कि प्रदेश के विभिन्न अंचलों में अब सेक्टरवाइज आयोजन किए जाएंगे। इसी कड़ी में 3 मई को मंदसौर में कृषि उद्योग समागम का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद महाकौशल अंचल में भी ऐसा ही आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रदेश में प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना को गति मिलेगी।

पर्वतारोही अंकित सेन को मिला प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्वतारोही अंकित सेन को 5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की।

Post a Comment

أحدث أقدم