पश्चिम मध्य रेलवे को मिला नया संचालन प्रमुख: कुशाल सिंह ने संभाला पीसीओएम का पदभार

जबलपुर, 17 जून 2025। पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) को संचालन क्षेत्र में एक अनुभवी और कुशल नेतृत्व मिला है। भारतीय रेल यातायात सेवा (आईआरटीएस) के 1995 बैच के वरिष्ठ अधिकारी श्री कुशाल सिंह ने जबलपुर स्थित पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय में प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक (PCOM) के पद का कार्यभार औपचारिक रूप से ग्रहण किया।


श्री सिंह इससे पूर्व नवंबर 2024 से पमरे में प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (PCCM) के पद पर सेवाएं दे रहे थे। रेलवे बोर्ड द्वारा किए गए नवीन पदस्थापन आदेश के तहत उन्हें अब परिचालन विभाग की बागडोर सौंपी गई है।

अपने तीन दशकों से अधिक के सेवाकाल में श्री सिंह ने भारतीय रेल के अहम मंडलों में जिम्मेदारियां निभाई हैं। अहमदाबाद में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM), मुंबई में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (Sr. DOM) तथा मुख्य यातायात प्रबंधक (CPTM) जैसे पदों पर उनके कार्यकाल को रेलवे प्रशासन ने हमेशा सराहा है।

रेलवे प्रशासन में उमंग और उत्साह का माहौल
श्री कुशाल सिंह के पीसीओएम बनने पर पश्चिम मध्य रेलवे के सभी वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों में हर्ष का वातावरण है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने अधिकारियों के साथ परिचालन रणनीतियों पर चर्चा की और सुरक्षित, समयबद्ध और दक्ष रेल सेवाओं की प्रतिबद्धता दोहराई।

बेहतर संचालन, सुरक्षित यात्रा का भरोसा
श्री सिंह के नेतृत्व में पमरे से उम्मीद की जा रही है कि यात्री और मालगाड़ी परिचालन में और अधिक दक्षता आएगी। रेलवे के आंतरिक सूत्रों के अनुसार, वह तकनीक-सक्षम परिचालन और माल यातायात बढ़ाने को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।

श्री कुशाल सिंह का अनुभव, रणनीतिक सोच और प्रशासनिक दक्षता पश्चिम मध्य रेलवे को संचालन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है। यात्रियों की सुविधा और रेलवे के सुचारु संचालन के लिए यह नियुक्ति मील का पत्थर साबित हो सकती है।

Post a Comment

أحدث أقدم