सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों और अन्नदाता किसानों का सम्मान सर्वोपरि: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

बेड़िया में 266 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण, लाड़ली बहनों को दिवाली से 1500 रुपए प्रतिमाह
खरगोन/भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार जवानों और किसानों के सम्मान में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। हम उन लोगों के लिए काम कर रहे हैं जो सीमाओं की रक्षा करते हैं और जो खेतों में अन्न उपजाते हैं। सरकार गरीब, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए समर्पित है।



मुख्यमंत्री खरगोन जिले के बेड़िया में आयोजित विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने नर्मदा घाटी विकास विभाग की अम्बा-रोडिया माइक्रो उद्वहन सिंचाई योजना सहित कुल 266 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 24 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

निमाड़ को सिंचाई से जोड़ने और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि निमाड़ क्षेत्र में मां नर्मदा का जल खेतों तक पहुंचाकर फसलों की लहलहाहट सुनिश्चित की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू PM-KISAN योजना का सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है जहाँ गेहूं पर 2600 रुपये प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य दिया जा रहा है।

सरकार कपास से रेडीमेड वस्त्र निर्माण तक की श्रृंखला विकसित कर रही है। इसके साथ ही सौर ऊर्जा के क्षेत्र में काम करके किसानों को अनुदान पर सोलर पैनल दिए जा रहे हैं, जिससे वे अतिरिक्त बिजली बेचकर आय बढ़ा सकेंगे।

दूध उत्पादन और पशुपालन को मिलेगा प्रोत्साहन
प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि मध्य प्रदेश की दूध उत्पादन में हिस्सेदारी 9% से बढ़ाकर 20% तक पहुंचाई जाए। इसके लिए गाय-भैंस पालन पर 25% तक अनुदान देने की योजना लागू की जा रही है।

लाड़ली बहनों को अक्टूबर से 1500 रु प्रतिमाह, जल्द बढ़कर 3000 रु होंगे
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को 250 रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे और दिवाली से हर महीने 1500 रुपए की नियमित राशि मिलने लगेगी, जिसे बाद में 3000 रुपए प्रतिमाह तक बढ़ाया जाएगा। यह योजना महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।

स्वास्थ्य, सुरक्षा और संवेदनशीलता: सरकार का मानवीय चेहरा
मुख्यमंत्री ने बताया कि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए अब एयर एम्बुलेंस सुविधा भी उपलब्ध है। आयुष्मान भारत योजना के तहत हर पात्र व्यक्ति को कार्ड बनवाने की सलाह दी गई।

सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वालों को "राह-वीर योजना" के तहत ₹25,000 का इनाम दिया जाएगा। इससे लोगों को समय पर सहायता मिलेगी और जान बचाई जा सकेगी।

सरकारी भर्ती में प्रमोशन और महिलाओं को आरक्षण
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शासकीय सेवकों के 9 वर्षों से लंबित प्रमोशन मामलों का निराकरण हो गया है, जिससे 2 लाख पद रिक्त होंगे और नई भर्ती का मार्ग प्रशस्त होगा। इसके साथ ही शासकीय सेवाओं, लोकसभा एवं विधानसभा में महिलाओं को 33% आरक्षण दिया जाएगा।

धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण
प्रदेश सरकार ने 19 धार्मिक स्थलों पर शराब बिक्री पर रोक और खुले में मांस बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। राम पथ गमन मार्ग का निर्माण उन स्थानों पर किया जाएगा जहाँ से भगवान राम गुजरे थे। नगरों में गीता भवनों की स्थापना की जाएगी।

बेड़िया के विकास के लिए बड़ी सौगातें
मुख्यमंत्री ने बेड़िया और आस-पास के क्षेत्रों के लिए विकास योजनाओं की घोषणा की:

  • बेड़िया मिर्च मंडी के लिए ₹65 करोड़
  • खनगांव-खेड़ीखुर्द मार्ग पुल के लिए ₹5 करोड़
  • बांसवा-घोसला मार्ग पर सिड़कुई नदी पुल हेतु ₹6 करोड़
  • भीकनगांव-झिरन्या सड़क निर्माण हेतु ₹38 करोड़
  • बेड़िया और बासवा बायपास के लिए ₹21 करोड़
  • बेड़िया पीएचसी को सीएचसी में अपग्रेड किया जाएगा
  • बड़वाह में 100 बिस्तरों का अस्पताल निर्माण किया जाएगा

पर्यावरण संरक्षण को मिला बढ़ावा
कार्यक्रम के अंत में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आम का पौधा लगाकर हरियाली और पर्यावरण सरंक्षण का संदेश दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post