🔴 सेना के शौर्य पर राजनीति करने वालों को अब सच्चे सम्मान से परेशानी ? कांग्रेस ने सेना सम्मान पर भाजपा को घेरा

📍 जबलपुर, मध्यप्रदेश । भारतीय सेना के सम्मान में आयोजित ‘जय हिंद सभा’ को लेकर मध्यप्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस नेता टीकाराम कोष्टा ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सेना के शौर्य पर राजनीति करने वालों को अब सच्चे सम्मान से परेशानी हो रही है।


कोष्टा ने कहा, “भाजपा ने ‘जय हिंद सभा’ को छलावा बताया है, लेकिन उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। जब सेना की वीरता का उपयोग बिहार चुनाव में प्रधानमंत्री की ब्रांडिंग के लिए किया जाता है, तब वह देशभक्ति कहलाती है? वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री सेना की महिला अधिकारियों का अपमान करते हैं और पार्टी चुप्पी साध लेती है।”

उन्होंने प्रदेश के मंत्री विजय शाह पर महिला सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया के प्रति अपमानजनक व्यवहार का आरोप लगाया। साथ ही, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा सेना को लेकर विवादित बयान देने पर भाजपा की चुप्पी को भी कटघरे में खड़ा किया।

प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के उपाध्यक्ष व पूर्व प्रवक्ता टीकाराम कोष्टा के साथ अलीम मंसूरी, विजय अग्रवाल, डॉ. मोइन अंसारी, मामूर गुड्डू, संजू ठाकुर सहित कई नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा केवल मंचों पर देशभक्ति दिखाती है, असल सम्मान से उन्हें परेशानी है।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी सवाल उठाया कि भोपाल में आयोजित "महिला महासम्मेलन" में भाजपा की ओर से प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अनुपस्थिति आखिर क्यों रही? क्या लोकमाता अहिल्याबाई की जयंती और महिला सशक्तिकरण भाजपा के लिए दिखावा भर हैं?

इस बयानबाजी से साफ है कि सेना के सम्मान के नाम पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी जंग अब और तेज़ होती जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post