नगर विकास के मुद्दों पर हुई चर्चा, महापौर ने सौंपा विकास का खाका
अक्षर सत्ता डिजिटल डेस्क, जबलपुर | प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जबलपुर प्रवास पर पहुंचे। डुमना विमानतल पर मुख्यमंत्री के आगमन पर नगर के प्रथम नागरिक, महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री का यह दौरा जबलपुर में आयोजित विभिन्न सरकारी एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में भाग लेने हेतु था। संस्कारधानी की धरती पर कदम रखते ही मुख्यमंत्री के स्वागत में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था।
विकास योजनाओं पर चर्चा
महापौर श्री अन्नू पूरे समय मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रमों में उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से नगर निगम के माध्यम से संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी साझा की और शहर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रस्तावित परियोजनाओं पर चर्चा की। बताया जा रहा है कि महापौर ने सड़क विस्तार, स्मार्ट सिटी कार्यों, सीवरेज सुधार, नर्मदा तट विकास और शहरी यातायात नियंत्रण जैसे मुद्दों को प्राथमिकता से उठाया।
जनभागीदारी के साथ विकास की दिशा में कदम
मुख्यमंत्री ने नगर निगम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार शहरी विकास को लेकर प्रतिबद्ध है और जबलपुर जैसे महत्वपूर्ण नगरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने जनता की भागीदारी से विकास कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया।
नवीन योजनाओं की उम्मीद
इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं किए जाने की संभावना है, जो आने वाले समय में जबलपुर के लिए नई सौगात लेकर आ सकती हैं।
إرسال تعليق