टिकट जांच अभियान में जबलपुर रेल मंडल की बड़ी सफलता, 11 माह में 3 लाख से अधिक अनियमित यात्री पकड़े, 43 करोड़ से ज्यादा राजस्व अर्जित


जबलपुर। जबलपुर रेल मंडल द्वारा यात्री गाड़ियों में चलाए जा रहे सघन टिकट जांच अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है। चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 के पहले 11 महीनों (1 अप्रैल 2024 से 28 फरवरी 2025 तक) में मंडल के टिकट जांच स्टाफ ने बिना टिकट और अनियमित यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए रिकॉर्ड ₹43.30 करोड़ का राजस्व एकत्रित किया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शशांक गुप्ता के नेतृत्व में, मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री नितेश कुमार सोने एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री गुन्नार सिंह की टीम द्वारा पूरे वर्ष विभिन्न विशेष टिकट जांच अभियानों का संचालन किया गया। नियमित टिकट जांच के दौरान भी सघनता से यात्रियों की जाँच की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

इन अभियानों के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 3 लाख 2 हजार यात्री पकड़े गए, जिनसे रेलवे को ₹25.21 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। इसी प्रकार निम्न दर्जे की टिकट पर उच्च दर्जे में यात्रा करने वाले 3.17 लाख यात्री पकड़े गए, जिनसे रेलवे को ₹17.97 करोड़ का राजस्व मिला।

इसके अलावा, यात्रा के दौरान निर्धारित मानक से अधिक लगेज लेकर सफर करने के 7023 मामले सामने आए, जिनसे रेलवे को ₹11.84 लाख की आय हुई।

कुल मिलाकर, 1 अप्रैल 2024 से 28 फरवरी 2025 के बीच बिना टिकट, अनियमित टिकट एवं बिना बुक कराए सामान लेकर यात्रा करने के कुल 6 लाख 26 हजार मामले पकड़े गए, जिनसे रेलवे को ₹43.30 करोड़ का महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त हुआ।

रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे टिकट के साथ ही निर्धारित मानकों के अनुसार लगेज बुक कराकर ही यात्रा करें, अन्यथा पकड़े जाने पर दंडात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

Post a Comment

أحدث أقدم