जबलपुर। जबलपुर रेल मंडल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला कर्मचारियों के सम्मान एवं सशक्तिकरण को समर्पित भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में मंडल की 33 महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों एवं सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा ने सभी महिला कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रेलवे में महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है, जो यह दर्शाता है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जबलपुर मंडल की महिला कर्मचारी अपनी मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण से मंडल को गौरवान्वित कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए विशेष क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिला कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। क्विज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता महिलाओं को गिफ्ट देकर पुरस्कृत किया गया, जिससे सभागार में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
मंच से महिला सशक्तिकरण, अधिकार एवं अवसरों पर विशेष चर्चा की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री सुबोध विश्वकर्मा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण सिर्फ शब्द नहीं, बल्कि एक संकल्प है, जो समाज में महिलाओं को बराबरी का स्थान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने एवं हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिला कर्मचारियों ने भी महिला सशक्तिकरण विषय पर अपने विचार साझा किए और कार्यस्थल पर अपने अनुभवों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने अपने वक्तव्यों में कहा कि रेलवे जैसी चुनौतीपूर्ण सेवाओं में महिलाओं की भूमिका दिन-प्रतिदिन मजबूत हो रही है, जो प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक श्री रविंद्र त्रिपाठी द्वारा किया गया, जिन्होंने महिलाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्हें सम्मानित करने की परंपरा को और सशक्त बनाने की बात कही।
इस अवसर पर मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान जबलपुर मंडल में महिलाओं की बढ़ती भूमिका, उनकी कार्यकुशलता एवं समर्पण को सराहा गया और महिला दिवस के इस विशेष अवसर को यादगार बनाया गया।
إرسال تعليق