जबलपुर। स्वच्छ वायु की महक और हरियाली की चादर में लिपटे जबलपुर को और अधिक रमणीय स्वरूप देने की दिशा में नगर निगम और महापौर श्री जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ ने एक महत्त्वाकांक्षी और दूरदर्शी योजना का श्रीगणेश किया है। इस अभूतपूर्व पहल के तहत 10 करोड़ रुपये की लागत से नगर के विभिन्न कोनों में एक लाख पौधों का रोपण किया जाएगा, साथ ही शहर के प्रमुख स्थलों पर सौंदर्यीकरण की श्रृंखलाबद्ध गतिविधियाँ चलाई जाएंगी।
इस सौंदर्यीकरण अभियान में रॉक गार्डन, रंगीन फव्वारे, सुरम्य लैंडस्केपिंग, आकर्षक ग्रीन वॉल और अन्य सजावटी निर्माण कार्य सम्मिलित हैं, जो शहर के दृश्य-पटल को न केवल हरा-भरा बल्कि दर्शनीय भी बनाएंगे। इस योजना की आधारशिला स्वयं महापौर जगत बहादुर सिंह "अन्नू" ने केन्ट विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री अशोक ईश्वरदास रोहाणी, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, एम.आई.सी. प्रभारी श्री विवेकराम सोनकर, एम.आई.सी. सदस्य श्री दामोदर सोनी, पार्षद श्रीमती रजनी सुरेन्द्र साहू एवं क्षेत्रीय नागरिकों के समक्ष भूमि पूजन कर रखी।
महापौर ने इस अवसर पर कहा कि यह दिन शहर की श्वास, स्वरूप और सौंदर्य के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज होगा। उन्होंने बताया कि डुमना एयरपोर्ट से शहर में प्रवेश करने वाले आगंतुकों को अब फूलों की सुगंध और प्राकृतिक सौंदर्य से भरे स्वागत दृश्य से सामना होगा — संस्कारधानी की यह नई पहचान होगी।
विधायक श्री अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने इस अवसर पर कहा कि केन्ट विधानसभा क्षेत्र में 2 करोड़ रुपये की विशेष निधि से पर्यावरणीय सुधारों की दिशा में यह पहल नागरिकों को साफ-सुथरी और ताजगी भरी वायु देने का माध्यम बनेगी। उन्होंने नगर निगम प्रशासन को इस अनुकरणीय पहल के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
इस ऐतिहासिक भूमि पूजन समारोह में नगर निगम के उद्यान अधिकारी श्री आलोक शुक्ला और उनकी समर्पित टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे, जो इस परियोजना के धरातलीय क्रियान्वयन की रीढ़ बनेंगे।
गौरतलब है कि महापौर श्री जगत बहादुर सिंह "अन्नू" और निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा शहर के सर्वांगीण विकास की दिशा में तेज़ी से कार्य किए जा रहे हैं। बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से लेकर सौंदर्यीकरण योजनाओं तक, यह संपूर्ण प्रयास शहर को ‘स्वच्छ वायु सिटी’ की प्रतिष्ठा को न केवल बनाए रखने, बल्कि उसे एक नए स्तर पर ले जाने की कोशिश है।
Post a Comment