बकरीद 7 जून को, देशभर में ईद-उल-अजहा का चांद नजर आया

नई दिल्ली। देशभर में मुस्लिम समुदाय के लिए विशेष महत्व रखने वाला पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) इस वर्ष 7 जून को मनाया जाएगा। बुधवार शाम राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और हरियाणा सहित देश के कई हिस्सों में इस्लामी कैलेंडर के अंतिम माह जिल हिज्जा का चांद नजर आया, जिसके बाद बकरीद की तारीख की आधिकारिक घोषणा की गई।


चांदनी चौक स्थित फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम डॉ. मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया कि मस्जिद से जिल हिज्जा का चांद स्पष्ट रूप से देखा गया। इसी के आधार पर मुस्लिम धर्मगुरुओं ने 7 जून को कुर्बानी का त्योहार मनाने का ऐलान किया है।

वहीं, जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद शाबान बुखारी ने भी एक बयान में कहा कि देशभर से चांद देखे जाने की पुष्टि के बाद मस्जिद की चांद समिति ने बकरीद की तारीख 7 जून तय की है। मुस्लिम सामाजिक संगठन इमारत-ए-शरिया हिंद ने भी इस तिथि की पुष्टि की है।

बकरीद, जिसे ईद-उल-ज़ुहा या ईद-ए-कुर्बां भी कहा जाता है, ईद-उल-फित्र के करीब दो महीने बाद मनाई जाती है। यह पर्व पैगंबर इब्राहिम की उस कुर्बानी की याद में मनाया जाता है, जब उन्होंने अल्लाह के हुक्म पर अपने बेटे इस्माइल को कुर्बान करने का निश्चय किया था। अल्लाह ने उनकी परीक्षा को स्वीकार करते हुए उनके पुत्र को जीवनदान दिया और उसकी जगह एक जानवर की कुर्बानी दी गई। उसी परंपरा को निभाते हुए मुस्लिम समाज के लोग इस दिन जानवर की कुर्बानी देते हैं।

बकरीद का यह त्योहार तीन दिनों तक चलता है, जिसमें लोग अपनी क्षमता के अनुसार वैध जानवरों की कुर्बानी देते हैं और उसका मांस जरूरतमंदों में भी बांटा जाता है। धार्मिक भावना, त्याग और सेवा के इस पर्व को लेकर समुदाय में उत्साह देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post