ऑपरेशन सिंदूर ने दिखाई भारत की नई ताकत, अब दुश्मन को घर में घुसकर मिलेगा जवाब : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने दुनिया को यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि अब वह किसी भी आतंकी गतिविधि को माफ नहीं करेगा, चाहे वह देश के किसी कोने में हो। भारत अब दुश्मन को घर में घुसकर मारने की ताकत और संकल्प रखता है।


मुख्यमंत्री गुरुवार को भोपाल के रोशनपुरा चौराहे से निकली भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की सैन्य शक्ति, राष्ट्र की एकजुटता और अडिग इच्छाशक्ति को पूरी दुनिया के सामने ला खड़ा किया है।

"अब भारत चुप नहीं बैठेगा"
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने यह सिद्ध कर दिया है कि कोई भी देश या आतंकी संगठन अगर भारत की ओर आंख उठाकर देखेगा, तो उसे करारा जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि “अगर कोई छेड़ेगा, तो भारत छोड़ेगा नहीं।”

सेना का अद्वितीय पराक्रम
डॉ. यादव ने कहा कि भारत ने आजादी के बाद चौथी बार युद्ध स्तर पर शौर्य का ऐसा प्रदर्शन किया है, जो इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज होगा। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने महज चार दिन में पाकिस्तान को उसकी हैसियत दिखा दी।
ब्रह्मोस मिसाइल की मारक क्षमता का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “पलक झपकते ही एक के बाद एक एयरबेस ध्वस्त कर दिए गए, और पाकिस्तान को समझ ही नहीं आया कि वह क्या करे।”

तिरंगा यात्रा बना जन-उत्सव
तिरंगा यात्रा में विभिन्न धर्मगुरु, सांसद वी.डी. शर्मा, सांसद आलोक शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग, महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए। हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति और सैन्य बलों के प्रति सम्मान प्रकट किया।

भारत का बदलता स्वरूप
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अब केवल शांति प्रिय देश नहीं रहा, बल्कि यह एक शक्ति संपन्न, दृढ़ इच्छाशक्ति वाला राष्ट्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि सेना को सम्मान देने के लिए पूरे देश में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं, जिससे पूरा विश्व देख रहा है कि भारत अब पहले से कहीं अधिक मजबूत और एकजुट है।

डॉ. यादव ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर, भारत का ऐसा रणनीतिक और सैन्य पराक्रम है, जो आने वाले वर्षों में प्रेरणा का प्रतीक बना रहेगा। भारतीय सेना के शौर्य और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत एक नई विश्व शक्ति के रूप में उभर चुका है।

Post a Comment

أحدث أقدم