प्रदेश की लाड़ली बहनें हर माह मना रहीं रक्षाबंधन : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल/सीधी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की महिलाएं न सिर्फ आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि उन्हें हर माह रक्षाबंधन जैसा उपहार भी मिल रहा है। गुरुवार को सीधी में आयोजित राज्य स्तरीय हितलाभ वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के खातों में 1551 करोड़ 89 लाख रुपये की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। लाड़ली बहना योजना को शुरू हुए दो वर्ष पूरे हो गए हैं और यह 24वीं किश्त बहनों को जारी की गई है। हर माह बहनों के खातों में ₹1250 भेजकर उन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनें और परिवार में उनकी भूमिका और मजबूत हो।

डॉ. यादव ने कहा कि हमने जो भी वचन बहनों से किए हैं, उन्हें भगवान श्रीराम की संस्कृति का पालन करते हुए निभा रहे हैं। अब तक लाड़ली बहनों को 28 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।

विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सीधी जिले में 112 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। साथ ही 26 लाख बहनों को एलपीजी सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 30 करोड़ 83 लाख रुपये की राशि भी अंतरित की गई।

किसानों और बुजुर्गों को भी लाभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत किसानों के खातों में भी धनराशि भेजी। साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 56 लाख 83 हजार हितग्राहियों को 341 करोड़ रुपये की राशि भी वितरित की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक प्रति व्यक्ति आय को 22 लाख 50 हजार रुपये तक पहुँचाना है। वर्ष 2003 में यह आय 11,200 रुपये थी, जो आज 1 लाख 52 हजार रुपये हो चुकी है।


विंध्य क्षेत्र का गौरव

सीएम डॉ. यादव ने विंध्य क्षेत्र को सेना के नेतृत्व का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र देश की रक्षा में अग्रणी रहा है। उन्होंने भारतीय सेना की वीरता और पाकिस्तान के खिलाफ उसके पराक्रम को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत अब विश्व पटल पर एक सशक्त और निर्णायक राष्ट्र के रूप में उभरा है।

उत्सव का माहौल और सम्मान
समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत आदिवासी शैला और करमा लोकनृत्य के साथ किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

विशिष्ट जनों की उपस्थिति
समारोह में कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक रीती पाठक, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष काजल वर्मा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम प्रदेश के सर्वांगीण विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार के दृढ़ संकल्प का सजीव उदाहरण बन गया।

Post a Comment

أحدث أقدم