जबलपुर। जबलपुर में विकास की गाड़ी अब पहले से कहीं अधिक तेज रफ्तार से दौड़ेगी। नगर निगम की साधारण सभा की बैठक में महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' ने स्पष्ट किया कि संस्कारधानी के नागरिकों की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। महापौर ने कहा, "हम जबलपुर को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट शहर बनाने के लिए अपने सभी संसाधनों को समर्पित करने को तैयार हैं।"
स्वच्छता में आई क्रांतिकारी तेजी, प्रतिदिन 450 टन कचरा हो रहा निपटान
महापौर अन्नू ने जानकारी दी कि शहर की सफाई व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। फिलहाल प्रतिदिन 350 से अधिक सफाई वाहन 450 टन से अधिक कचरा एकत्र कर गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन तक पहुंचा रहे हैं। यह व्यवस्था शहर को साफ-सुथरा और स्वास्थ्यवर्धक बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।
उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि किसी ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों का तबादला जबलपुर नगर निगम से बाहर अन्य निगमों में किया जाएगा।
18 प्रस्तावों पर मुहर, सभी पार्षदों को मिला साधुवाद
बैठक के दौरान कुल 18 अहम प्रस्ताव पार्षदों की सर्वसम्मति से पारित किए गए, जिनमें शहर के आधारभूत ढांचे, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं विकास कार्यों का समावेश था। सभी प्रस्तावों को मंजूरी मिलने पर महापौर ने परिषद के समस्त पार्षदों को धन्यवाद देते हुए कहा, "यह जबलपुर के विकास के लिए एकता और संकल्प का प्रतीक है।"
लोकतंत्र की मिसाल बनी साधारण सभा, अध्यक्ष रिकुंज विज की सराहना
महापौर ने नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का भरपूर अवसर दिया, जिससे स्वस्थ लोकतंत्र की मिसाल पेश हुई।
अंत में महापौर अन्नू ने कहा, "हम समानता के साथ सभी वार्डों में विकास कार्य करेंगे और कोई भी पार्षद अपने वार्ड के लिए उपेक्षित महसूस नहीं करेगा। जबलपुर को एक आदर्श नगर बनाना हमारा संकल्प है, जिसे हम सब मिलकर जरूर पूरा करेंगे।"
Post a Comment