नगर निगम जबलपुर: राजस्व वसूली में ढिलाई पर कड़ा एक्शन, 5 कर्मचारी निलंबित, 4 राजस्व निरीक्षकों को नोटिस

जबलपुर, 24 अक्टूबर 2025: नगर निगम जबलपुर में कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के लिए निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने कड़ा रुख अपनाया है। निगम की आय में वृद्धि, शहर की सफाई व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के उद्देश्य से आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। निगमायुक्त ने कहा, "मुझे इफ एंड बट नहीं सुनना, सिर्फ काम चाहिए।"


बैठक में राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान 5 वार्डों में जीरो वसूली पर सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित 5 कर संग्रहकर्ताओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही, कार्यों में रुचि न लेने के लिए 4 राजस्व निरीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनका 1 दिन का वेतन काटने का आदेश दिया गया।

निगमायुक्त ने ई-अटेंडेंस को अनिवार्य करते हुए कहा कि अक्टूबर माह का वेतन केवल ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर्मचारियों को ही दिया जाएगा। आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए भी 100% ई-अटेंडेंस लागू किया गया है। इसके अलावा, सभी संभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे सुबह 6 से 9 बजे तक स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण करें और कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करें।

निगमायुक्त ने अधिकारियों को कार्यालयों को स्वच्छ रखने और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में कोताही बरतने वालों को अयोग्य घोषित कर अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी जाएगी।

बैठक में अपर आयुक्त अरविंद शाह, व्ही.एन. बाजपेय, प्रशांत गोटिया, राजस्व अधिकारी इंद्र कुमार वर्मा, बाजार अधीक्षक दिनेश प्रताप सिंह, सभी संभागीय अधिकारी, राजस्व निरीक्षक और आउटसोर्स एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

निगम का लक्ष्य: निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य न केवल राजस्व वसूली को मजबूत करना है, बल्कि शहर में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना भी है। इस दिशा में कठोर कदम उठाए जा रहे हैं ताकि प्रशासनिक व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त हो और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलें।

Post a Comment

और नया पुराने