सरदार पटेल अमर रहे के नारों के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की प्रतिमा का अनावरण
भोपाल/जबलपुर, 3 जनवरी 2026। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के अटूट योगदान को नमन करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ संकल्प और एकता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आजादी के बाद देश की 562 रियासतों को भारतीय संघ में शामिल करने की महान उपलब्धि सरदार पटेल की दूरदर्शिता और मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम थी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जबलपुर के विजय नगर क्षेत्र स्थित सरदार पटेल उद्यान में नगर निगम द्वारा स्थापित देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा के अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। सरदार पटेल अमर रहे के गगनभेदी नारों के बीच मुख्यमंत्री ने पटेल की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू', विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, विधायक अशोक रोहाणी, विधायक नीरज सिंह, क्षेत्रीय पार्षद कमलेश अग्रवाल, नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल तथा मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष विनोद गोंटिया सहित गणमान्य अतिथि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, "सरदार पटेल की दृढ़ता ने ही देश को एक सूत्र में पिरोया। सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण से लेकर धारा 370 जैसे मुद्दों पर उनके स्पष्ट विचार आज भी प्रासंगिक हैं।" उन्होंने गुजरात के केवडिया में विश्व की सर्वोच्च स्टैच्यू ऑफ यूनिटी स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया, जिससे करोड़ों देशवासी सरदार पटेल के जीवन और विचारों से प्रेरणा प्राप्त कर रहे हैं।
डॉ. यादव ने जबलपुर के नागरिकों तथा कुर्मी क्षत्रिय समाज को इस ऐतिहासिक प्रतिमा स्थापना के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू', विधायक डॉ. अभिलाष पांडे एवं अशोक रोहाणी के अथक प्रयासों की विशेष सराहना की।
समारोह की शुरुआत में कुर्मी क्षत्रिय समाज के जिला अध्यक्ष विवेक चौधरी, युवा संगठन के जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पटेल, महासचिव ओमप्रकाश सचान, समन्वयक रंजीत पटेल, आशीष पटेल एवं शिव पटेल ने मुख्यमंत्री का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा पटेल भी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनीं।
अनावरण के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरदार पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर कुर्मी क्षत्रिय समाज ने मुख्यमंत्री को राधा-कृष्ण की मूर्ति भेंट कर सम्मानित किया।
यह प्रतिमा न केवल जबलपुर बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए सरदार पटेल के आदर्शों को जीवंत रखने का प्रतीक बनेगी, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र एकता और समर्पण की प्रेरणा देती रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें